प्रयागराज। संगम की पावन रेती पर लगने वाले माघ मेला-2027 की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के इस महापर्व को सुरक्षित, व्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए प्रयागराज पुलिस और मेला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा खाका तैयार किया है। इस बार मेले में सुरक्षा व्यवस्था को पिछले आयोजनों की तुलना में अधिक मजबूत बनाया जा रहा है। इसके तहत 17 की जगह 19 अस्थायी थाने और 42 की जगह 55 पुलिस चैकियां स्थापित करने की तैयारी है। इनमें पांच जल पुलिस चैकियां भी शामिल होंगी। मेला क्षेत्र में करीब 4000 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की योजना है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी तीन शिफ्टों में लगाई जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था में सिविल पुलिस, पीएसी, आरएएफ, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, होमगार्ड और अन्य विशेष इकाइयों को शामिल किया जाएगा। इस बार माघ मेले में केवल पुलिस बल बढ़ाने पर ही जोर नहीं है, बल्कि तकनीक के माध्यम से निगरानी, भीड़ नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों पर रोक और नदी में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
19 थाने और 55 पुलिस चैकियों से मजबूत होगा सुरक्षा घेरा
माघ मेले में लाखों श्रद्धालु प्रतिदिन संगम पहुंचते हैं। प्रमुख स्नान पर्वों पर यह संख्या करोड़ों तक पहुंच सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने मेला क्षेत्र में अस्थायी थानों और चैकियों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया है। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार इस बार 19 थाने स्थापित किए जाएंगे, जबकि पिछले आयोजन में इनकी संख्या 17 थी। इसी तरह पुलिस चैकियों की संख्या 42 से बढ़ाकर 55 करने की तैयारी है। पांच जल पुलिस चैकियां भी बनाई जाएंगी, जिससे गंगा और यमुना में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इन थानों और चैकियों को अलग-अलग सेक्टरों में स्थापित किया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस टीम कम समय में घटनास्थल तक पहुंच सके।
4000 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की जिम्मेदारी
माघ मेले में इस बार लगभग 4000 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की योजना है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक तीन शिफ्टों में ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि पूरे दिन और रात सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे। सुरक्षा में नागरिक पुलिस, महिला पुलिस, यातायात पुलिस, पीएसी, आरएएफ और अन्य सुरक्षा बलों के जवान शामिल होंगे। इसके अलावा एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी आपदा या किसी बड़ी दुर्घटना की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य के लिए तैयार रहेंगी। पुलिस प्रशासन ऐसे जवानों को प्राथमिकता देने की तैयारी में है, जिन्हें पहले कुंभ या माघ मेले में ड्यूटी करने का अनुभव है। इस बार 50 वर्ष से कम उम्र के शारीरिक रूप से फिट पुलिसकर्मियों को प्राथमिकता देने की बात भी सामने आई है।
400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से होगी निगरानी
माघ मेले में सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की तैयारी है। मेला क्षेत्र में 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। इसके अतिरिक्त ड्रोन कैमरों की मदद से भीड़भाड़ वाले स्थानों, स्नान घाटों, पांटून पुलों और प्रमुख मार्गों पर नजर रखी जाएगी। शहर में पहले से मौजूद 1152 कैमरों का भी जरूरत के अनुसार उपयोग किया जाएगा। इससे मेला क्षेत्र के साथ शहर के प्रवेश मार्गों और प्रमुख चैराहों पर भी निगरानी रखने में मदद मिलेगी। इसके लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को महत्वपूर्ण भूमिका दी जाएगी। किसी स्थान पर अचानक भीड़ बढ़ने, भगदड़ की आशंका या संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर संबंधित टीमों को तत्काल अलर्ट किया जा सकेगा।
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 16 महिला सहायता केंद्र
माघ मेले में बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी स्नान एवं धार्मिक अनुष्ठानों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में महिला सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। योजना के अनुसार मेला क्षेत्र में 16 महिला सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। यहां महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। किसी महिला श्रद्धालु को परेशानी होने, छेड़छाड़, गुमशुदगी या अन्य शिकायत की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। इसके अलावा खोया-पाया केंद्र और सार्वजनिक सहायता व्यवस्था को भी सक्रिय रखने की तैयारी है।
साइबर ठगों पर भी रहेगी पुलिस की नजर
डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन बुकिंग के बढ़ते इस्तेमाल को देखते हुए साइबर अपराधों से निपटने के लिए भी विशेष व्यवस्था बनाई जा रही है। मेला क्षेत्र में 16 साइबर सहायता केंद्र स्थापित करने की योजना है। इन केंद्रों के माध्यम से ऑनलाइन ठगी, फर्जी वेबसाइट, डिजिटल भुगतान से जुड़े विवाद और अन्य साइबर अपराधों की शिकायतों पर कार्रवाई की जा सकेगी। श्रद्धालुओं को भी सलाह दी जाएगी कि वे किसी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या भुगतान से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें।
जल पुलिस और गोताखोरों की रहेगी विशेष तैनाती
माघ मेले में सबसे अधिक भीड़ संगम के स्नान घाटों पर रहती है। गंगा और यमुना के संगम में स्नान के दौरान किसी भी तरह की दुर्घटना को रोकने के लिए जल पुलिस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। इस बार पांच जल पुलिस चैकियां स्थापित करने की योजना है। इसके अलावा प्रशिक्षित गोताखोर, मोटरबोट और बचाव दल भी तैनात रहेंगे। घाटों पर बैरिकेडिंग और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे, ताकि श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षित क्षेत्रों में ही स्नान करें।
22 फायर स्टेशन और 20 फायर वॉच टावर की तैयारी
मेले में लाखों लोगों के अस्थायी शिविरों, टेंटों और धार्मिक संस्थाओं के शिविरों में रहने की संभावना है। ऐसे में आग लगने की घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग की व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। प्रस्तावित व्यवस्था में 22 फायर स्टेशन और 20 फायर वॉच टावर शामिल हैं। अग्निशमन वाहनों और प्रशिक्षित कर्मचारियों को अलग-अलग सेक्टरों में तैनात किया जाएगा। किसी भी स्थान पर आग लगने की स्थिति में दमकल की गाड़ियां कम से कम समय में घटनास्थल तक पहुंच सकें, इसके लिए मार्गों को भी व्यवस्थित किया जा रहा है।
आठ सेक्टरों में बसेगा माघ मेला, नौ पांटून पुल बनाए जाएंगे
माघ मेला-2027 को इस बार लगभग 925 हेक्टेयर क्षेत्र में आठ सेक्टरों में बसाने की योजना है। श्रद्धालुओं और कल्पवासियों की आवाजाही आसान बनाने के लिए नौ पांटून पुल बनाए जाएंगे। इसके अलावा लगभग 35 स्नान घाट विकसित करने की तैयारी है। घाटों तक पहुंचने के लिए अस्थायी सड़कों, प्रकाश व्यवस्था और बैरिकेडिंग का काम भी कराया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य है कि किसी भी स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो और भीड़ का दबाव किसी एक स्थान पर केंद्रित न होने पाए।
15 जनवरी से शुरू होेकर छह मार्च को होगा समापन
प्रयागराज में माघ मेला-2027 का आयोजन 15 जनवरी से छह मार्च तक प्रस्तावित है। यह आयोजन लगभग 52 दिनों तक चलेगा। इस दौरान मकर संक्रांति, पौष पूर्णिमा, मौनी अमावस्या, वसंत पंचमी, माघी पूर्णिमा और महाशिवरात्रि प्रमुख स्नान पर्व होंगे। मेला प्रशासन को उम्मीद है कि इस बार लगभग 23 करोड़ श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगे। पिछले माघ मेले में 44 दिनों के दौरान 22.10 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने स्नान किया था। प्रमुख स्नान पर्वों पर भीड़ प्रबंधन प्रशासन के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी। इसी कारण पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और परिवहन विभाग को पहले से अपनी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
10 दिसंबर तक पहुंच जाएगा आधा पुलिस बल
सुरक्षा व्यवस्था को समय से लागू करने के लिए पुलिसकर्मियों की आमद चरणबद्ध तरीके से कराई जाएगी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार 10 दिसंबर तक लगभग 50 प्रतिशत पुलिस बल मेला क्षेत्र में पहुंच जाएगा। इसके बाद शेष पुलिसकर्मियों की तैनाती अलग-अलग चरणों में की जाएगी। इससे अस्थायी पुलिस लाइन, थानों, चैकियों और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को समय रहते सक्रिय करने में मदद मिलेगी।
पुलिस के सामने होंगी ये पांच बड़ी चुनौतियां
भीड़ नियंत्रण- मौनी अमावस्या और मकर संक्रांति जैसे प्रमुख स्नान पर्वों पर करोड़ों श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से स्नान कराना।
महिला एवं बाल सुरक्षा- महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा तथा गुमशुदगी के मामलों में तत्काल सहायता।
यातायात प्रबंधन- शहर में जाम रोकना, पार्किंग व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित करना।
आपदा प्रबंधन- नदी में डूबने, आग लगने और भगदड़ जैसी आपात परिस्थितियों से निपटना।
अपराध नियंत्रण- चोरी, जेबकतरी, साइबर ठगी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना।
प्रशासन के सामने समय से तैयारियां पूरी करने की चुनौती
माघ मेला-2027 की तैयारियों के साथ प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती निर्धारित समय में सभी निर्माण और व्यवस्थागत कार्य पूरे करने की है। पांटून पुल, स्नान घाट, अस्थायी सड़कें, बिजली, पानी, शौचालय, पार्किंग और सुरक्षा चैकियों का निर्माण समय से पूरा करना जरूरी होगा। मेला प्राधिकरण और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा, ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
आस्था के महापर्व पर सुरक्षा का अभेद्य घेरा बनाने की तैयारी
प्रयागराज का माघ मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा का विशाल प्रतीक है। हर वर्ष देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु यहां कल्पवास, स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में 19 थाने, 55 पुलिस चैकियां, लगभग 4000 सुरक्षाकर्मी, सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन और विशेष सहायता केंद्रों की व्यवस्था से मेले को सुरक्षित बनाने की कोशिश की जा रही है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि प्रशासन अपनी तैयारियों को कितनी तेजी और प्रभावी ढंग से जमीन पर उतार पाता है।
