कानपुर में 2026 बना रिश्तों के कत्ल का गवाह, कहीं पति बना कातिल तो कहीं पत्नी, मां ने बेटे को मारा तो भाई ने बहन को… अपनों के हाथों उजड़ते परिवारों की खौफनाक कहानी…

बेख़ौफ़ किरण
14 Min Read

अभिलाष बाजपेई, कानपुर।
कभी प्रेम, विश्वास और अपनत्व के लिए पहचाने जाने वाले रिश्ते जब नफरत, शक, लालच और प्रतिशोध की भेंट चढ़ने लगें तो परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल जाती हैं। कानपुर में वर्ष 2026 के दौरान सामने आए हत्या और संदिग्ध मौत के कई मामलों ने समाज को झकझोर कर रख दिया है। इन घटनाओं में कहीं पति पर पत्नी की हत्या का आरोप लगा तो कहीं पत्नी पर प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतारने का आरोप सामने आया। कहीं मां पर अपने ही बेटे की हत्या का आरोप लगा तो कहीं संपत्ति के विवाद में भाई ने भाई की जान ले ली। इन वारदातों ने रिश्तों की बदलती तस्वीर और पारिवारिक हिंसा की भयावहता को उजागर किया है। कानपुर नगर के साथ कानपुर देहात और आसपास के इलाकों में सामने आईं इन घटनाओं में प्रेम संबंध, विवाहेतर संबंध, दहेज, संपत्ति का बंटवारा, घरेलू विवाद और पारिवारिक रंजिश जैसे कारण चर्चा में रहे। कई मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि कुछ मामलों में पुलिस की जांच जारी है।

प्रेमी के कहने पर पति की हत्या का आरोप
जून में कानपुर के फीलखाना थाना क्षेत्र की नील वाली गली में मनीष गुप्ता की चाकू से हमला किए जाने के बाद मौत हो गई। इस मामले में उनकी पत्नी निहारिका कश्यप पर प्रेमी के कहने पर पति की हत्या कराने का आरोप लगा। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार किया था। बताया गया कि दोनों ने करीब आठ वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। इस घटना ने वैवाहिक रिश्ते में विश्वासघात की भयावह तस्वीर सामने रखी।

भाभी से संबंधों का विरोध करने पर भाई ने बहन की हत्या की
कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय ज्योति की हत्या का मामला सामने आया। पुलिस जांच और मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, भाई का अपनी भाभी के साथ कथित संबंध था। ज्योति ने इस संबंध का विरोध किया था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर भाई ने बहन की गला रेतकर हत्या कर दी और शव सेंगुर नदी में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार किया था।

मां और उसके प्रेमी पर 14 वर्षीय बेटे की हत्या का आरोप
सितंबर में कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के विपौसी गांव में 14 वर्षीय सत्यम की हत्या ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। पुलिस के खुलासे के मुताबिक, किशोर ने अपनी मां को उसके प्रेमी के साथ देख लिया था। आशंका थी कि वह इस बात को परिवार और गांव में बता देगा। आरोप है कि मां और उसके प्रेमी ने मिलकर किशोर की गला घोंटकर हत्या कर दी और घटना को सामान्य मौत दिखाने की कोशिश की। यह मामला इसलिए भी बेहद संवेदनशील रहा क्योंकि इसमें मां-बेटे के रिश्ते पर गंभीर सवाल खड़े हुए।

पांच लाख रुपये के विवाद में पिता पर बेटे की हत्या का आरोप
25 सितंबर के आसपास कानपुर देहात के सिकंदरा क्षेत्र में जमीन बेचने से मिली रकम को लेकर पिता और बेटे के बीच विवाद का मामला सामने आया। रिपोर्ट के अनुसार, रामजीवन कुशवाहा को खेत बेचने से करीब 12 लाख रुपये मिले थे। पांच लाख रुपये को लेकर हुए विवाद में उनके 22 वर्षीय बेटे आनंद की पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगा। बीच-बचाव करने आई पत्नी भी घायल हुई थी। पुलिस ने आरोपी पिता की तलाश शुरू की थी।

दहेज की मांग के बीच विवाहिता की संदिग्ध मौत
कानपुर के बिधनू क्षेत्र में गुरु का पुरवा गांव में 29 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या को आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया। परिजनों के अनुसार, 10 लाख रुपये की मांग को लेकर महिला को परेशान किया जा रहा था। पुलिस को घटनास्थल से कथित सुसाइड नोट भी मिला था। इस मामले में मौत की वास्तविक वजह जांच का विषय रही।

20 लाख रुपये और बुलेट की मांग, विवाहिता की मौत पर दहेज हत्या का आरोप
28 सितंबर को कानपुर के जूही क्षेत्र की सफेद कॉलोनी में 30 वर्षीय आकांक्षा मिश्रा की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। परिजनों के मुताबिक, शादी के बाद से ही 20 लाख रुपये और बुलेट की मांग को लेकर आकांक्षा को प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार ने गला घोंटकर हत्या करने और बाद में शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही थी।

पत्नी और ससुराल पक्ष पर युवक की हत्या का आरोप
अक्टूबर में नवाबगंज थाना क्षेत्र के परमियापुरवा इलाके में 30 वर्षीय राजीव निषाद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया। राजीव को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था और मामले की जांच शुरू की थी।

शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की पीट-पीटकर हत्या
नवंबर की शुरुआत में घाटमपुर के साढ़ थाना क्षेत्र के गंभीरपुर गांव में 28 वर्षीय अतुल उर्फ गोपाल की हत्या का मामला सामने आया। रिपोर्टों के मुताबिक, अतुल का गांव की एक शादीशुदा महिला सुमन से प्रेम संबंध था। आरोप है कि महिला के बुलाने पर वह रात में उसके घर पहुंचा, जहां महिला के पति और परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे लाठी-डंडों से पीटा। गंभीर रूप से घायल अतुल की मौत हो गई। इस मामले में महिला और उसकी सास को पुलिस ने हिरासत में लिया था, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही थी।

दीपावली पर मामूली विवाद में पति पर पत्नी की हत्या का आरोप
दीपावली के दिन चकेरी क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच पानी देने को लेकर विवाद हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक, करन पासवान ने कथित तौर पर पत्नी रीता देवी के सिर पर लकड़ी का पटरा मार दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार किया। मामूली घरेलू विवाद का इस तरह जानलेवा रूप लेना पारिवारिक हिंसा की गंभीरता को दिखाता है।

संपत्ति के विवाद में छोटे भाई ने पत्नी के साथ मिलकर बड़े भाई की हत्या की
नवंबर में हनुमंत विहार के संजय गांधी नगर में संपत्ति बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि छोटे भाई प्रियम सिंह ने अपनी पत्नी रानी के साथ मिलकर बड़े भाई आनंद सिंह उर्फ रगड़ू की ईंट से कूंचकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को पड़ोस के खाली प्लॉट में फेंक दिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस घटना में पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर भी सवाल उठे, क्योंकि पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस दरवाजा खटखटाकर लौट गई थी।

ममेरे भाई के साथ रह रही महिला की मौत, हत्या का आरोप
दीपावली के दौरान गुजैनी थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय तलाकशुदा महिला पूनम उर्फ सुषमा का शव किराये के कमरे में फंदे से लटका मिला। महिला अपने ममेरे भाई के साथ सहमति संबंध में रह रही थी। परिजनों ने ममेरे भाई पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया। घटना के बाद वह मौके से फरार बताया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की थी। इस मामले में हत्या का आरोप अभी जांच का विषय है।

बड़े भाई ने छोटे भाई की फावड़े से हत्या की
नवंबर में सचेंडी थाना क्षेत्र के कटरा बैसोर में 35 वर्षीय सोनू की हत्या का मामला सामने आया। रिपोर्ट के मुताबिक, उसके बड़े भाई दिनेश उर्फ मिंचू ने पैसे चोरी करने की आदत से नाराज होकर नशे की हालत में फावड़े से उसके सिर पर वार कर दिया। सोनू की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार किया। इस घटना ने भाई-भाई के रिश्ते में आर्थिक विवाद और गुस्से के खतरनाक परिणाम को सामने रखा।

फार्मा कारोबारी की हत्या में बेटा और पूर्व कर्मचारी की गिरफ्तारी
सितंबर में कानपुर के फार्मा कारोबारी विनीत मीनोचा की हत्या का मामला भी सुर्खियों में रहा। पहले तो पुलिस जांच में उनकी बहू शालू और पूर्व घरेलू कर्मचारी विशाल गौतम की भूमिका सामने आने के बाद गिरफ्तारी हुई। जांच एजेंसियों के अनुसार, हत्या से पहले दोनों के बीच लगातार बातचीत हुई थी, लेकिन बाद में पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि विनीत के बेटे ने ही उनकी हत्या कराई है, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर बहु को छोड दिया। यह मामला परिवार के भीतर विश्वासघात और रिश्तों में पैदा हुई गंभीर दरार का उदाहरण बना। मामले में आरोपों और साजिश की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया से होगी।

दोस्त से मिलने गए कारोबारी के बेटे की मौत, हत्या का मुकदमा दर्ज
नवंबर में बिठूर स्थित रुद्रग्रीन अपार्टमेंट में 22 वर्षीय संभाव खंडेलवाल की छठी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। शुरुआत में पुलिस इसे दुर्घटना मानकर जांच कर रही थी, लेकिन पिता विशाल खंडेलवाल ने बेटे की महिला मित्र और उसके परिवार के लोगों पर साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने महिला मित्र, उसके मामा और अन्य परिजनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि मामले की नए सिरे से जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या का आरोप सिद्ध नहीं हुआ है।

रिश्तों में क्यों बढ़ रही है हिंसा?
कानपुर में सामने आए इन मामलों को एक साथ देखने पर कई गंभीर सामाजिक पहलू सामने आते हैं। पति-पत्नी के बीच अविश्वास, विवाहेतर संबंध, दहेज की मांग, जमीन और पैसों का विवाद, घरेलू झगड़े और पारिवारिक रंजिश कई घटनाओं में चर्चा का विषय बने। इन मामलों की सबसे चिंताजनक बात यह है कि कई वारदातों में अपराधी और पीड़ित एक ही परिवार या करीबी रिश्तों से जुड़े थे। जिन घरों में बच्चों को संस्कार, सुरक्षा और विश्वास मिलना चाहिए, वहीं उन्हें हिंसा और अपराध का सामना करना पड़ा। विशेषज्ञों के अनुसार, पारिवारिक विवादों को समय रहते सुलझाना, घरेलू हिंसा की शिकायतों को गंभीरता से लेना और जरूरत पड़ने पर कानूनी सहायता तथा काउंसलिंग उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है।

सवालों के घेरे में पारिवारिक रिश्ते और सामाजिक व्यवस्था
2026 में कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में सामने आई इन घटनाओं ने कई सवाल खड़े किए हैं। क्या परिवारों में संवाद की कमी बढ़ रही है? क्या आर्थिक लालच और व्यक्तिगत संबंधों का टकराव इंसानी संवेदनाओं पर भारी पड़ रहा है? क्या घरेलू विवादों को समय रहते गंभीरता से लिया जा रहा है? इन घटनाओं का निष्कर्ष यह नहीं कि सभी पारिवारिक रिश्ते कमजोर हो रहे हैं, बल्कि यह है कि जब विवादों का समाधान संवाद और कानून के बजाय हिंसा से करने की कोशिश होती है तो उसका परिणाम पूरे परिवार और समाज को भुगतना पड़ता है। रिश्तों का कत्ल केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं होता, बल्कि उससे कई जिंदगियां प्रभावित होती हैं। पीछे छूट जाते हैं अनाथ बच्चे, टूटे परिवार, बुजुर्ग माता-पिता और ऐसे सवाल जिनका जवाब लंबे समय तक समाज को तलाशना पड़ता है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *