मथुरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पत्नी यशोदाबेन गुरुवार शाम ब्रजभूमि के प्रसिद्ध श्री दाऊजी महाराज मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने भगवान श्री दाऊजी महाराज और माता रेवती के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने देश की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। यशोदाबेन गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे बलदेव स्थित मंदिर पहुंचीं। मंदिर के गर्भगृह में दर्शन के दौरान वह काफी देर तक भगवान श्री दाऊजी महाराज की प्रतिमा को निहारती रहीं। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
फरिया ओढ़ाकर किया गया स्वागत
श्री दाऊजी महाराज सेवा कार्यक्रम के आयोजक, सेवायत राजाराम पांडेय तथा पवन पांडेय ने यशोदाबेन का स्वागत किया। उन्हें भगवान श्री दाऊजी महाराज और माता रेवती की फरिया ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंदिर का प्रसाद भी भेंट किया गया।
ब्रजभूमि की धार्मिक विरासत की सराहना
दर्शन के दौरान यशोदाबेन ने ब्रजभूमि को भगवान श्रीकृष्ण और बलराम की लीलास्थली बताते हुए यहां की धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिक महत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि ब्रजभूमि के कण-कण में दिव्यता और भक्ति का वास है। श्री दाऊजी महाराज का मंदिर आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र है। यहां दर्शन करने से मन को शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा मिलती है।
कई वरिष्ठ अधिकारी भी रहे मौजूद
इस कार्यक्रम के दौरान डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय, आगरा मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप और भारत सरकार के संयुक्त सचिव नितिन खंडे ने भी मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। इसके अलावा नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. मुरारीलाल अग्रवाल और क्षेत्राधिकारी संजीव कुमार राय सहित अन्य लोग मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पत्नी यशोदाबेन का ब्रजभूमि के इस प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पर पहुंचना स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय रहा। मंदिर में उनका स्वागत पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया।
